आजमगढ़। मुबारकपुर पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे पत्नी के हत्यारोपी व 50 हजार के इनामिया अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। मुबारकपुर के पिचरी गांव निवासी गुड्डू चौहान पुत्र लौहर ने चार साल पहले अपनी पत्नी को जला कर मार डाला था। मायके वालों ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। हत्या के बाद से ही गुड्डू फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 50 हजार का इनाम भी घोषित किया था। न्यायालय से भी हाजिर होने का वारंट जारी हुआ था। वांछित अभियुक्त की तलाश में मुबारकपुर पुलिस बुधवार की रात क्षेत्र भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पिचरी गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास से पुलिस ने गुड्डू को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी की हत्या के बाद वह कुछ दिनों तक जिले से बाहर चला गया और जगह-जगह ट्रकों पर खलासी का काम किया। घर का हालचाल लेने बुधवार को चुपके से आया और पकड़ लिया गया। गुड्डू पर मुबारकपुर थाने में कई मुकदमे दर्ज है।