अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में जगह-जगह योग शिविरों के माध्यम से हजारों हाथ एक साथ सूर्य नमस्कार करेंगे। प्राणायाम, विलोम सहित अन्य योग की विधियों को बारीकी से सीखेंगे। प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान की ओर से घोरठ में सुबह सात बजे से योगासन प्राणायाम ध्यान शिविर लगेगा।
लालडिग्गी स्थित बड़ा गणेश मंदिर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से सुबह आठ बजे से योग शिविर लगेगा। यह जानकारी जिला कार्याध्यक्ष रामकृष्ण मिश्र ने दी। लालगंज संवाददाता के अनुसार, लालगंज के प्राथमिक पाठशाला परिसर में पतंजलि योग पीठ और गायत्री परिवार की ओर से 21 से 25 जून तक योग की जानकारी दी जाएगी। रानी की सराय कस्बा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में भी योग शिविर लगेगा। यह जानकारी कार्यक्रम के संयोजक दीनानाथ ने दी।
अतरौलिया संवाददाता के मुताबिक, ब्लाक संसाधन केंद्र अतरौलिया में शनिवार को नेहरू युवा केंद्र की ओर योग शिविर लगाया गया। योग प्रशिक्षक शंभु दयाल ने विभिन्न योगों का अभ्यास कराया। इस दौरान प्रदीप कुमार, देवनरायन यादव, राजकुमार, शत्रुघ्न मौर्य, पूनम यादव, वीरेंद्र कुमार, शिवशंकर मौर्य आदि उपस्थित थे।
रानी की सराय संवाददाता के अनुसार, ब्लाक संसाधन केंद्र पर सैद्धांतिक प्रशिक्षण के प्रशिक्षु शिक्षकों को योगाभ्यास कराया गया। प्रशिक्षक राजेश्वर योगी ने शिक्षकों को आसनों का अभ्यास कराया।
500 एनसीसी केडेट्स को कराया गया योगाभ्यास ः राजकीय पालीटेक्निक कालेज के मैदान में शनिवार को 500 एनसीसी कैडेटों को योगाभ्यास कराया गया। पंतजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की ओर से आयोजित शिविर में कैडेटों को भस्त्रिका, कपालभाती, वाह्य प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, चक्रासन, भुजंग आसन आदि का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षक शैलेश बरनवाल, उनके सहयोगी जयश्री यादव ने कहा कि आयुष मंत्रालय की ओर से सामान्य योग अभ्यास के तहत 21 आसनों का अभ्यास कराया गया। इसका मुख्य उद्देश्य योग के प्रति समाज के लोगों को जागृत करना है। कहा कि 21 जून को सुबह सात बजे से एनसीसी के करीब 1500 छात्र और छात्राएं को सामूहिक योग कराया जाएगा। एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल शैलेंद्र मेहरा ने बताया कि 21 जून को आजमगढ़, मऊ, अंबेडकर नगर और जौनपुर जिले के एनसीसी कैडेट्स योग शिविर में प्रतिभाग करेंगे।