संदीप सौरभ सिंह
जिलाधिकारी एक तरफ जनपद के तालों पर माइक्रो हाइड्रो पावर प्लांट लगाने की योजना बना रहे हैं वहीं ठेकमा के बीडीओ एक हजार बीघे में फैले ताल का सौंदर्यीकरण कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 150 करोड़ का प्रस्ताव तैयार करवाने में जुटे हैं। योजना के तहत 12 लाख लोगों को 100 दिन का रोजगार मनरेगा के तहत मिलेगा वहीं, कई गांवों के जलस्तर में भी सुधार होगा। जमुआवां गांव को इससे सालाना लगभग 10 लाख की आमदनी भी होगी। जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद प्रस्ताव के क्रियान्वित कराने के लिए शासन को भेजा जाएगा।
जमुआवा गांव निवासी श्रीराम राय ने कुछ समय पहले क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार से गांव में लगभग एक हजार बीघे में फैले ताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की थी। लेकिन उन्होंने 31 दिसंबर को ये कहते हुए मना कर दिया कि विभाग से इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कोई योजना नहीं है। इसका सौंदर्यीकरण वन विभाग, मनरेगा और जिला प्रशासन से करा लिया जाए।
इसकी जानकारी ठेकमा ब्लाक के बीडीओ प्रेमचंद राम को हुई तो उन्होंने पिछले कई दिनों सर्वे आदि कराने के बाद लगभग 150 करोड़ की योजना बनाई जिसके तहत ताल के किनारे पांच किमी की परिधि में बांध बनाकर इसपर इंटरलाकिंग सड़क बनाई जाएगी।
किनारेे-किनारे पौधे और बेंच की व्यवस्था भी कराई जाएगी। ताल को पक्षी विहार और मत्स्य पालन के साथ-साथ कृत्रिम टीले और स्मारक भी बनवाए जाएंगे। 60 फीसदी कच्चे और 40 पक्के कार्य मनरेगा से कराए जाएंगे। अन्य कार्यों के लिए धन की व्यवस्था राज्य वित्त, ग्राम निधि, सांसद और विधायकों के सहयोग से किए जाएंगे। जल्द ही इसे जिलाधिकारी के बाद शासन को भेजा जाएगा।
ताल के सौंदर्यीकरण के लिए ठेकमा के बीडीओ की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे मंजूरी को शासन के लिए भेजा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूर कराने के लिए पूरी कोशिश की जाएगी। मंजूर होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा। -सीबी सिंह, जिलाधिकारी
10 गांव को वाटर लेवल आएगा ऊपर
आजमगढ़। ताल के सौंदर्यीकरण के साथ ही आसपास के 10 गांवों के वाटर लेवल में भी सुधार होगा। भीषण गर्मी में यहां के नल पानी छोड़ देते हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ताल में तालाब की स्थिति सही होने पर जमुआवां, जिंदोपुर, डोरीपुर, इसमी, शम्मोपुर, गढवेपुर, केदलीपुर, ठेकमा, भगवानपुर, महुआरी आदि में पानी का लेवल ऊपर आ जाएगा।
कानपुर में बनवा चुके हैं सर्वांगीण विकास पार्क
आजमगढ़। बीडीओ पीसी राम कानपुर के घाटमपुर ब्लाक के गांव वीरपुर में 2.25 एकड़ में ऐसा ही सर्वांगीण विकास पार्क बनवा चुके हैं। इस कार्य के लिए उन्हें वहां के कमिश्नर और जिलाधिकारी से काफी सराहना मिली थी। इसी के अनुसार अब उन्होंने जमुआवा ताल के विकास की योजना बनाई है।
बंजर जमीन को देने के लिए बनेगा प्रस्ताव
आजमगढ़। जमुआवा की प्रधान संध्या राय ने बताया कि 989 बीघे के ताल में 120 बीघे जमीन बंजर की है। यदि सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो ग्राम सभा की ओर से इस जमीन को पर्यटन स्थल के लिए स्थानांतरित करने के प्रस्ताव बनाया जाएगा।