ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में प्रधान और सदस्य पद के लिए 5 दिसंबर को मतदान होगा। शनिवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां विकास खंड मुख्यालयों से मतदान स्थलों के लिए शुक्रवार को रवाना हुई। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को नौ लाख सात हजार 936 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
बताते चलें कि तीसरे चरण में शनिवार को जनपद के छह ब्लाकों अतरौलिया, अहरौला, फूलपुर, पवई, मार्टीनगंज और मिर्जापुर में 504 ग्राम प्रधान पदों में 499 सीटों के लिए मतदान होना है। तीसरे चरण में अतरौलिया विकास खंड की एक और फूलपुर के दो ग्राम प्रधान पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। जबकि अहरौला ब्लाक की दो सीटों पर नामांकन के बाद प्रत्याशी की मौत के बाद मतदान का कार्य रद्द कर दिया गया है। इन सीटों पर बाद में चुनाव तिथि की घोषणा कर मतदान कराया जाएगा।
तीसरे चरण के मतदान के लिए 1530 बूथ बनाए गए हैं। जिन पर 1530 पीठासीन अधिकारियों की तैनाती भी की गई है। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए आरक्षित सहित कुल 7956 कार्मिकों की तैनाती की गई है। 532 मतदान केंद्रों में से 205 संवेदनशील, 158 अति संवेदनशील और 83 अति संवेदनशील प्लस केंद्र चिह्नित कर पुलिस बल व्यापक व्यवस्था की गई है।
प्रशासन की तरफ से छहों ब्लाकों को 12 जोन और 64 सेक्टरों में विभक्त कर निगरानी की व्यवस्था की गई है। मतदान का कार्य सुबह सात बजे शुरू होकर शाम को 4.30 बजे तक चलेगा। तीसरे चरण में कुल नौ लाख सात हजार 936 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें अतरौलिया के 101631, अहरैला को 157133, फूलपुर के 161558, पवई के 171430, मार्टिनगंज के 153174 और मिर्जापुर में 163010 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।