आजमगढ़। शहर कोतवाली के बाजबहादुर मुहल्ला निवासी एक व्यक्ति के बंद मकान से चोरों ने लाखों के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पड़ोसियों ने मंगलवार की सुबह घर का ताला टूटा देखा तो गृहस्वामी को सूचना दी। गृहस्वामी परिवार के साथ पैतृक गांव गए हुए थे। सूचना पर पहुंच कर पीड़ित ने घटना के बाबत शहर कोतवाली में अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी है।
मऊ जिले के चिरैयाकोट कोतवाली क्षेत्र के मूल निवासी महताब अहमद पुत्र मो. राशीद खान शहर कोतवाली के बाजबहादुर मुहल्ले में मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते है। होली के पूर्व वह घर पर ताला बंद कर परिवार के साथ पैतृक गांव चले गए थे। सोमवार की रात अज्ञात चोर बंद घर का ताला तोड़ कर अंदर घूसे और आराम से सभी कमरों व आलमारी आदि को खंगाल डाला।
मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने महताब के घर का ताला टूटा देखा तो सूचना उसे दिया। सूचना मिलते ही महताब गांव से तत्काल शहर कोतवाली स्थित अपने मकान पर पहुंचा। घर के अंदर जा कर देखा तो उसके होश ही उड़ गए। पीड़ित के अनुसार चोर पूरा घर खंगाल डाले है, सभी आलमारी, बक्सा व कमरों का ताला टूटा हुआ है। घर में रखे लगभग दस लाख के जेवरात के साथ ही 55 हजार रुपये नकद गायब है। इसके अलावा अन्य कीमती सामानों पर भी चोरों ने हाथ साफ किया है। पीड़ित ने घटना के बाबत शहर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दिया है।