सगड़ी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को उच्चीकृत कराने के लिए बुधवार को जेसीबी से हो रही नींव की खुदाई का कार्य क्षेत्र के युवाओं ने रोक प्रदर्शन किया। बाद में सगड़ी तहसील पहुंच एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और निर्माण को रुकवाने की मांग की।
सगड़ी तहसील के बगल में पूर्व माध्यमिक जीयनपुर संचालित होता है, जहां पर विद्यालय के पूरब तरफ विद्यालय की जमीन पर क्षेत्र के युवा खेलने के अलावा सेना और अन्य भर्ती में दौड़ की तैयारी करते हैं। इसी के पास कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय अजमतगढ़ स्थित है। जिसको उच्चीकृत करने के लिए एक वर्ष पहले जमीन का प्रस्ताव हुआ था। बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के उच्चीकृत करने के लिए उक्त मैदान में उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड आजमगढ़ द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर नींव की खुदाई की जा रही थी। सूचना पाकर क्षेत्र के दर्जनों युवक वहां पहुंचे और कार्य को रोक दिया, साथ ही जेसीबी को वापस कर दिया। वहां से नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंच उपजिलाधिकारी सगड़ी गौरव कुमार को ज्ञापन देकर हो रहे निर्माण कार्य को रोकने की की मांग की। एसडीएम से बताया कि तहसील के बगल में पूर्व माध्यमिक विद्यालय जीयनपुर के पास कई वर्षों से क्षेत्र के दर्जनों गांव के युवक सेना, पुलिस और अन्य जगहों पर भर्ती के लिए दौड़ लगाते हैं। इस मौके पर किशन, सूरज, अखिलेश, उमेश, सतीश, सुमित, संजय गोड़ ,मनीष, रामू आकिब, प्रमोद कुमार यादव, रमेश, संतोष, मिथिलेश, नवमी, आकाश, विकास आदि युवा मौजूद थे।