भाई का हत्यारा आरोपी अनस उर्फ राजू। श्रोत-पुलिस
जहानागंज। नयापुरा कस्बे में घर खर्च नहीं देने पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मां और बड़े भाई के बीच कहासुनी के दौरान छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के पांच घंटे बाद जहानागंज पुलिस ने आरोपी छोटे भाई अनस उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया। सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि मंगलवार की शाम नयापुरा कस्बा निवासी सुमैया अख्तरी की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनके पति दिलशेर अहमद और देवर मो. अनस उर्फ राजू के बीच विवाद हो गया।
इस दौरान अनस ने दिलशेर के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचीं सुमैया पर भी हमला किया। वह किसी तरह बचकर बाहर निकल गईं। घायल दिलशेर की मौके पर ही मौत हो गई।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात मुखबिर की सूचना पर करहा मार्ग स्थित पुनर्जी पुलिया के पास से मो. अनस उर्फ राजू (24) को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बड़ा भाई दिलशेर दो साल दुबई रहने के बाद करीब 15 दिन पहले घर लौटा था। घटना वाले दिन घर खर्च के लिए उसकी मां और बड़े भाई के बीच कहासुनी हो रही थी। आरोपी का कहना है कि मां ने घर खर्च के बारे में पूछा तो दिलशेर नाराज हो गया। मां के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए चाकू मारने की धमकी देने लगा। यह देखकर उसे गुस्सा आ गया और उसने पास में रखा चाकू उठाकर बड़े भाई पर लगातार कई वार कर दिए।