आजमगढ़ में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा शनिवार और रविवार को दो दिन के लिए कोरोना कर्फ्यू की घोषणा की गई है। कर्फ्यू के दूसरे दिन रविवार की सुबह के समय सड़कों पर लोगों की कुछ आवाजाही नजर आई लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
कोरोना कर्फ्यू के दूसरे दिन भी सुबह से ही किराना, कपड़ा आदि की दुकानें बंद रहीं लेकिन फल, दूध, सब्जी और मेडिकल खुले रहे। जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए सड़कों पर सुबह के समय कुछ भीड़भाड़ जरूर नजर आई। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया सड़कों पर सन्नाटा पसरता गया। लोग घरों में कैद हो गए। हालांकि सड़कों पर पुलिस कुछ जगहों पर ही नजर आई।
वहीं सब्जी मंडी में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इसे दो जगहों पर अठवरिया मैदान और वेस्ली इंटर कालेज में लगाने का निर्णय लिया था। लेकिन मंडी के सब्जी विक्रेता इसके विरोध में उतर गए हैं। उनके द्वारा अनिश्चित काल के लिए मंडी को बंद करने की घोषणा कर दी गई है। जिसके कारण सब्जी मंडी पूरी तरह से बंद रही। सब्जी के लिए पहुंचे लोगों को बिना खरीदारी के ही वापस होना पड़ा।