शहर में बनने वाले माडर्न बस अड्डा सहित बवाली चौराहे का निरीक्षण शनिवार की शाम जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम सदर अशोक कुमार सिंह को बस अड्डे के आसपास अवैध कब्जे को हटवाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने 13 करोड़ 31 लाख रुपये से बनने वाले मार्डर्न बस अड्डे का निरीक्षण किया। कहा कि यह बस अड्डा आधुनिक ढंग से बनाया जाएगा, नक्शा प्राप्त हो गया है। बस अड्डा के तैयार होने तक करतालपुर तिराहे के पास खाली जगह पर बसों के रुकने की व्यवस्था की गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि यहां पर आजमगढ़ डिपो के लिए और अंबेडकर नगर डिपो के लिए अलग-अलग वर्कशाप हैं। जिसे एक किनारे पर बनाया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन आशुतोष कुमार द्विवेदी, अधिशासी अभियंता विद्युत ओपी राम, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह के अलावा डॉ. पीयूष यादव आदि उपस्थित रहे।