सीएम के संभावित दौरे के मद्दे नजर शहीद द्वार के पास की जा रही रंगाई पुताई।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के जनपद आगमन की तिथि तय नहीं है लेकिन प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक की सफाई युद्धस्तर पर कराई जा रही है जबकि शहर में डिवाइडर, बिजली के खंभे और पुलों की रेलिंग रंगी जा रही है। सड़क के किनारे से झाड़-झंखाड़ हटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने तीन दिन पहले विडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जिलों में भ्रमण की बात कही थी। इससे पहले अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने सितंबर माह में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों होने की बात कही थी। मंदूरी हवाई अड्डा भी बनकर तैयार है। ऐसे में मुख्यमंत्री के जिलों के भ्रमण की बात से अधिकारियों की नींद उड़ गई। मुख्यमंत्री ने भ्रमण की शुरुआत रविवार कुशीनगर से कर दी। इसके बाद से प्रशासनिक अमला कुछ ज्यादा ही सक्रिय हो गया है।
जिले में मुख्यमंत्री के आगमन का कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है लेकिन औचक निरीक्षण के लिए वे बगैर किसी सूचना के भी आ सकते हैं। इसके मद्देनजर दो दिनों से शहर की युद्ध स्तर पर सफाई की जा रही है। शनिवार को अतिक्रमण हटाए गए। शहर की सड़कों के किनारे की घास उखाड़ी गई। रविवार से पुलों की रेलिंग, डिवाइडर आदि की रंगाई का काम शुरू हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए कर्मचारियों और अधिकारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। इसका आदेश तो नहीं जारी हुआ है लेकिन सभी अधिकारियों को मौखिक तौर पर बता दिया गया है। कहा तो यह भी जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं क्योंकि उनके हाथों ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण होना है।