अहरौला। अहरौला थाना क्षेत्र के लेदौरा गांव में सर्पदंश से नौ साल के बच्चे की मौत हो गई। वह माता-पिता की इकलौती संतान था। रोते हुए मां बार-बार यही कह रही है कि अब वह किस मुंह से ससुराल जाएगी।
जानकारी के मुताबिक अहरौला थाना क्षेत्र के अबरसन गांव निवासी योगेंद्र यादव की पत्नी पूजा यादव 15 दिन पहले पुत्र प्रांजल यादव (9) को लेकर मायके लेदौरा गांव आई थीं। शनिवार को दोपहर एक बजे प्रांजल घर से 100 मीटर दूर रामदरस यादव के घर के पास आम बीनने गया था। अचानक बारिश शुरू होने पर वह पास ही स्थित टिन शेड की मंडई में जा छिपा। उसी दौरान वहां पहले से छिपे एक सांप ने उसे डंस लिया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। तत्काल उसे इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन दोपहर दो बजे प्रांजल ने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। अहरौला थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रांजल कक्षा चार का छात्र था और माता-पिता की इकलौती संतान था।