सीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयार किया जा रहा पंडाल।
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 11 बजे महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। वे जिले में एक घंटे बीस मिनट रहेंगे। इस दौरान वे जिले को 955.40 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके बाद वे महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में जनसभा को संबोधित करेंगे।
इन परियोजनाओं से जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और प्रशासनिक सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदर एवं मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों में 25 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वहीं, 14 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। जिन 14 परियोजनाओं का लोकार्पण होना है उनकी लागत 7035.08 लाख रुपये है।
इनमें सदर विधानसभा क्षेत्र की 11 परियोजनाएं 5202.65 लाख रुपये और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र की तीन परियोजनाएं 1832.43 लाख रुपये की हैं। मुख्यमंत्री 25 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। जिसकी लागत 88505.47 लाख रुपये है। इसमें सदर विधानसभा क्षेत्र की 79420.19 लाख रुपये की 18 परियोजनाएं और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र की 9085.28 लाख रुपये की सात परियोजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं में पुलिस व्यवस्था से जुड़े भवनों से लेकर मेडिकल कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, सड़क नेटवर्क और पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं, जो जिले के समग्र विकास को नई दिशा देंगे।
पांच सुपर जोन, 15 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया जिला
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा के लिए जिले को 45 सेक्टर में बांटा गया है। डीएम रविंद्र कुमार व एसपी डा. अनिल कुमार ने सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को ब्रीफिंग की। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सुरक्षा के लिए जनपद को पांच सुपर जोन, 15 जोन व 45 सेक्टर में बांटा गया है। सुपर जोन के लिए पांच एडिशनल एसपी, 20 जोन के लिए सीओ और 45 सेक्टर के लिए इंस्पेक्टर रैंक के पुलिसकर्मी रहेंगे। उन्होंने बताया कि दो कंपनी पीएसी और 5000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सुबह 8 से कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन
आजमगढ़।
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह व्यवस्था शनिवार की सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। छोटे वाहन, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।