पूर्वांचल के यात्रियों को रेलवे ने राहत दी है। रेलवे बोर्ड ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी), मुंबई से मऊ के बीच वाराणसी, शाहगंज और आजमगढ़ होकर विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 01123 / 01124 सप्ताह में दो दिन चलेगी। खुरासन रोड और मुहम्मदाबाद में भी इसका ठहराव होगा।
जनसंपर्क अधिकारी हेमंत कुमार के मुताबिक, मुंबई से ट्रेन संख्या 01123 शुक्रवार और रविवार को नौ अक्तूबर से 20 नवंबर तक चलेगी। मऊ से ट्रेन संख्या 01124 रविवार और मंगलवार को 11 अक्तूबर से 22 नवंबर तक संचालित होगी।
मुंबई से ट्रेन दोपहर 12:15 बजे रवाना होकर वाराणसी शाम चार बजे, शाहगंज सात बजे, खुरासन रोड 7:28 बजे, आजमगढ़ आठ बजे, मुहम्मदाबाद 8:28 बजे और मऊ रात 9:30 बजे पहुंचेगी।
खुरासन रोड और मुहम्मदाबाद में ठहराव से आसपास के यात्रियों को मुंबई आवागमन में सुविधा मिलेगी। उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष अजय जायसवाल, मनोनीत सभासद गोविंद यादव और सुरेश कुमार गुप्ता ने निर्णय का स्वागत किया। रेल सलाहकार समिति के सदस्य शाहआलम कुरैशी ने विशेष ट्रेन को नियमित करने की मांग की।