पल्हनी। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्वविद्यालय परिवार से पेट्रोल एवं डीजल के उपयोग में संयम बरतने की अपील की है। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर में 18 मई से 23 मई तक पेट्रोल और डीजल चालित वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से विदेशी वस्तुओं, विशेषकर आयातित सोने के उपयोग को कम करने तथा पेट्रोल-डीजल की खपत में संयम बरतने का आह्वान किया है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिवार ने भी राष्ट्रहित में योगदान देने का निर्णय लिया है। कुलपति ने विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे 18 से 23 मई तक पेट्रोल और डीजल चालित वाहनों का प्रयोग न करें तथा इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल आदि का उपयोग कर परिसर में आएं।