आजमगढ़। महिलाओं से चेन स्नेचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना विशाल उर्फ बाबू बीडी निवासी पुराना कांशीराम आवास, शिवपुर वाराणसी को कोतवाली पुलिस ने बंधा रोड स्थित निजी बस स्टैंड से गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार किया है।
उसके खिलाफ आजमगढ़ और वाराणसी में चेन स्नेचिंग, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 11 मामले दर्ज हैं।
कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि 8 नवंबर 2025 को कोतवाली क्षेत्र में बाजार से घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन छीन ली थी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान विशाल उर्फ बाबू बीडी और पिंटू उर्फ अशोक का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि दोनों का एक संगठित गिरोह है। जो महिलाओं के गले से चेन स्नेचिंग, चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते हैं। गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार करके डीएम के पास स्वीकृति के लिए भेजा था।
16 जुलाई 2026 को गैंग चार्ट अनुमोदित होने के बाद दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया था। संवाद