बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भैंसहा में करेंट से महिला की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : AZAMGARH
लाटघाट/बलरामपुर/गोरिया बाजार। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करंट की चपेट में आकर महिला समेत दो की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भरौली गांव निवासी 55 वर्षीय जयनाथ पुत्र पतिराम मजदूरी का काम करता था। शनिवार को भी वह गांव में एक निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान सरिया उठाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। मृतक दो पुत्र व एक पुत्री का पिता बताया गया है। इसी क्रम में बिलरियागंज थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासिनी 52 वर्षीया माधुरी पत्नी रणधीर मिश्र अपने निर्माणाधीन मकान पर काम करा रही थी। शनिवार को मकान का प्लास्टर हो रहा था। जिसके चलते पूरे घर को पानी से भिगाया गया था। माधुरी किसी काम से छत पर गई तो गिरे विद्युत तार की चपेट में आ गई। काफी देर तक दिखाई न देने पर पुत्री उसे देखने छत पर गई तो वह गिरी पड़ी थी। तत्काल उसे सीएचसी बिलरियागंज लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका तीन पुत्री व एक पुत्र की मां थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।