अमिलो। जनपद में राज्य विश्वविद्यालय के लिए सदर तहसील के मोहब्बतपुर में प्रस्तावित भूमि का बुधवार को शासन से आई टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम और एसडीएम के साथ ही स्थानीय टीम भी मौजूद रही। टीम ने पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक अधिकारियों से हर एक बिंदु पर जानकारी लेने के साथ ही देर शाम तक कमिश्नर और डीएम के साथ बैठक भी की। बैठक के बाद ही प्रकरण में कुछ कहने की बात कही।
प्रदेश सरकार लोकसभा चुवान से पहले जनपद में राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण की घोषणा तो कर दी, लेकिन इसके निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में एक भ्रम की स्थिति बनी हुई है। विश्वविद्यालय के लिए सदर तहसील के मोहब्बतपुर में आवश्यक भूमि ली जा चुकी है। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी ने विवि के निर्माण के लिए पहले चरण में 171 करोड़ का प्रस्ताव भेजा तो शासन को ये धनराशि अधिक लगी। इसके साथ ही विवि के लिए लो लैंड देने को मुद्दा बना दिया गया। नतीजा ये हुआ शासन की ओर से नए सिरे से भूमि के चुनाव के लिए भी प्रस्ताव मांग लिया गया। इस पर जिला प्रशासन ने कुछ एक प्रस्ताव बनवाए तो स्थानीय लोग इसके विरोध में उतर आए और आदोलन करने लगे। शहर से पास होने के कारण विवि को यहीं पर बनवाने की मांग हो रही है।
इस बीच बुधवार को शासन से चार सदस्यीय मुख्य अभियंताओं की टीम मोहब्बतपुर विश्वविद्यालय की भूमि स्थलीय निरीक्षण करने पहुंची।टीम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर जानकारी ली। इस दौरान डीएम और एसडीएम भी मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों और विश्वविद्यालय अभियान की टीम से भी जानकारी ली गई। पूछने पर टीम ने अभी कुछ कहने से इंकार किया। इसके बाद कमिश्नर के साथ उनके आवास पर देर शाम तक बैठक भी हुई। टीम में सिंचाई विभाग के डा. के निगम, डीके मिश्रा, आलोक जैन, लोक निर्माण विभाग के एके जैन शामिल रहे। इस मौके पर मनोज कुमार, लालता यादव, भाजपा नेता दुर्गा विजय यादव, डॉ. सुजीत भूषण, अरविंद पांडेय, अजय पांडेय, संतोष पांडेय, अनुज सिंह मौजूद रहे।
विवि पर अभी नहीं स्पष्ट है स्थिति
आजमगढ़। शासन की टीम मे बुधवार को मोहब्बतपुर में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण तो किया लेकिन यहां विवि का निर्माण होगा कि नहीं इस पर स्थिति साफ नहीं हुई है। कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने बताया कि टीम ने मोहब्बतपुर का निरीक्षण किया है। इसके साथ विवि के लिए दूसरे स्थानों पर देखी गई भूमि का भी निरीक्षण किया है। अब टीम सभी स्थानों विवि के निर्माण में आने वाली लागत का आंकलन करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। फिर निर्णय लिया जाएगा कि निर्माण कहां होगा। वहीं, सूत्रों की माने तो मोहब्बतपुर में विवि के लिए जो डिजाइन बनाई गई है उसमें कुछ परिवर्तन भी करने की बात कही गई है। आशंका जताई जा रही है कि डिजाइन चेंज होने से लागत और भी बढ़ेगी। अब टीम की रिपोर्ट पर ही निर्भर करेगा कि विवि कहां बनेगा।