आजमगढ़। शहर के सिधारी थाना अंतर्गत दौलतपुर गांव के पास मंगलवार की शाम ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार महिला व उसकी नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। इस पर परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं युवती का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मृत महिला के शव को पीएम के लिए भेज दिया।
सिधारी थाना क्षेत्र के पैकौली गांव निवासिनी 55 वर्षीया मिथिलेश देवी पत्नी कन्हैया राजभर मंगलवार को अपनी नतिनी 18 वर्षीया अंजू के साथ साइकिल से आधार कार्ड बनवाने के लिए शहर कोतवाली क्षेत्र के आहोपट्टी बाजार गई थी। वापस लौटते समय दौलतपुर गांव के पास ट्रक ने साइकिल सवार नानी-नतिनी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए जहां डॉक्टरों ने मिथिलेश देवी की हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराए जहां इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। वहीं घायल नतिनी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका दो पुत्र व तीन पुत्रियों की मां है।