समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि जिले में विपक्षी पार्टियों ने कुछ नेताओं ने सुनियोजित ढंग से आपसी विवाद को सांप्रदायिकता का मुलम्मा चढ़ाकर अमन-चैन के वातावरण को खराब करने का प्रयास किया। ऐसे लोगों को जनपद के विकास और तरक्की से कोई वास्ता नहीं है। कहा कि यह घटना भाजपा, बसपा और एमआईएम के नेताओं की साजिश का हिस्सा है।
सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए हवलदार यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार में निरंतर किए जा रहे विकास कार्यों से विरोधी परेशान हैं। सपा सरकार आम लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने व रोजगार देने का काम कर रही है, जो भाजपा और बसपा को पच नहीं रहा है। विपक्षी पार्टी के जिले को दंगे की आग में झोंकना चाहते हैं। जिले की जनता ऐसे नेताओं के मंसूबे को सफल नहीं होने देगी।
कहा कि घटना के दिन 15 मई, 2016 को जिला प्रशासन ने शांति कायम करने के लिए घटना प्रभावित क्षेत्र खुदादादपुर और अन्य गांवों में सभी दलों के नेताओं को जाने से मना किया। कहा कि निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक आलम बदी के साथ वह घटना प्रभावित क्षेत्रों में जाकर सभी वर्गों से शांति बनाने की अपील करना चाहतेथे। लेकिन प्रशासन के रोकने पर नहीं गए। लेकिन भाजपा और बसपा के नेता वहां पहुंचे और लोगों को भड़काने का प्रयास किया। कहा कि सपा की सरकार अराजकता और सांप्रदायिकता के आधार पर जनपद तथा प्रदेश का माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटेगी।