आजमगढ़ पुलिस लाइन परिसर में पुराने और जर्जर हो चुके आरक्षी बैरक का बरामदा गुरुवार की शाम अचानक गिर गया। इस हादसे में कई पुलिस कर्मियों के घायल होने की चर्चा भी हो रही है, लेकिन महकमा किसी के घायल होने से इनकार कर रहा है। फिलहाल, जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रॉली लगाकर मलबा हटवाने की कवायद शुरू करा दी गई है।
पुलिस लाइन में आरक्षियों के रहने के लिए कई बैरक बने हैं। इसमें एक बैरक कैंटीन के सामने है। एक मंजिला यह बैरक वर्तमान में जर्जर हो चुका है। इसके चलते इस बैरक से आरक्षियों को दूसरे बैरकों में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस बैरक का प्रयोग लाइन प्रशासन स्टोर के रूप में कर रहा था। गुरुवार की देर शाम अचानक से बैरक का बरामद गिर गया।
चर्चा तो यह भी है कि कई पुलिस कर्मी घायल हुए हैं, लेकिन पुलिस महकमा इस हादसे में किसी के भी घायल होने से इनकार कर रहा है। घटना के चंद मिनट बाद ही प्रशासन जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रॉली लगा कर मलबा हटवाने की कवायद में जुट गया है। सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया जर्जर बैरक का बरामद गिरा है। इस परिसर को पहले ही निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया गया था। यहां कोई रहता नही था, जिसके चलते कोई हताहत नही हुआ।