कप्तानगंज। कंधरापुर बाजार से 500 मीटर दूर पशु अस्पताल के पास शुक्रवार की देर रात सड़क किनारे खड़ी गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली से कार की टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद कार में आग लग गई और कार में सवार एक युवती व चालक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंधरापुर बाजार निवासी असलम (25) कस्बे में ही जनरल स्टोर की दुकान करता था। इसके साथी वह निजी वाहन चलाने का भी काम करता था। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खरकौली गांव निवासी धीरेंद्र नाथ उपाध्याय की पुत्री दिव्या उपाध्याय (24) को शुक्रवार की रात कहीं जाना था। उन्होंने असलम को कार चलाने के लिए बुला लिया। असलम देर रात खरकौली पहुंचा। उसने कार की सफाई की और उसकी जांच पड़ताल की। वहीं खाना खाया। रात साढ़े ग्यारह बजे असलम दिव्या को कार में बैठा कर खरकौली से निकला। कार कंधरापुर बाजार से 500 मीटर पहले पशु अस्पताल के पास ही पहुंची थी कि सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से कार की टक्कर हो गई। टक्कर काफी तेज थी, जिसके चलते कार में आग भी लग गई। चालक असलम व गाड़ी मालकिन दिव्या की मौके पर ही झुलस कर मौत हो गई। राहगीर की सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा और दोनों के शव को बाहर निकाला गया। उनके पास से मिले आईडी कार्ड के आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई।
दिव्या उपाध्याय दो भाईयों की इकलौती बहन थी। वहीं कार चालक असलम तीन भाई व चार बहनों में दूसरे नंबर पर था। घटना के बाद पुलिस को सूचना राहगीर अंशु वर्मा ने दिया। उसने बताया कि कार की स्पीड काफी तेज थी। हादसे के बाद उसने कार का गेट खोलने का प्रयास किया लेकिन सेंट्रल लॉक के चलते गेट नहीं खुला सका। शीशे को तोड़ने पर तेज लपटें निकलने लगीं।