आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को बीते दो जून को गांव के ही कुछ लोगों ने अगवा कर लिया। उसे एक ट्यूबवेल पर ले जाकर बंधक बना लिया। सूचना पुलिस तक पहुंची तो पुलिस ने उसे छुड़ाया लेकिन तहरीर देने के बाद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस पर पीड़ित परिवार सोमवार को एसपी से मिला और पत्रक सौंप कर कार्रवाई की मांग किया।
शिकायतकर्ता ने एसपी को दिए पत्र में कहा है कि उसकी पुत्री दो जून को अपने चचेरी बहन के साथ खेत में गई थी। इसी दौरान महरूपुर गांव के कुछ लोग जबरन अपहृत कर ले गए और उसके मुंह में कपड़ा ठूसने के साथ ही हाथ-पैर बांध दिया, उसके पकड़े आदि भी फाड़ दिए। इसके बाद टयूबवेल के दरवाजे पर बाहर से ताला बंद कर चले गए। चचेरी बहन ने घर पहुंच कर घटना की जानकारी दी तो परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस पहुंची और ट्यूबवेल में बंद किशोरी को आजाद कराया। इसके बाद परिजनों ने नामजद तहरीर थाने पर दिया लेकिन चार दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसओ जहानागंज अखिलेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।