आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के गोधौरा गांव के पास सोमवार की देर शाम बोलेरो-बाइक की टक्कर में घायल दो युवकों की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को पीएम के लिए भेज दिया।
जहानागंज कस्बा निवासी 22 वर्षीय आदिल मित्र 25 वर्षीय शाहिद के साथ बाइक पर सवार होकर दवा लेने के लिए जिला मुख्यालय गया था। दवा लेकर वापस लौटते समय दिन में तीन बजे के आसपास गोधौरा गांव के पास बाइक की बोलेरो से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक आदिल पांच भाई व एक बहन में चौथे नंबर पर था वहीं शाहिद पांच भाईयों में दूसरे नंबर पर था। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।