आजमगढ़। डीआईओएस कार्यालय पर गुरुवार की सुबह कार्यालय के बाबुओं व धरना दे रहे शिक्षकों में भिड़ंत हो गई। काफी देर तक दोनों पक्षों में गाली गलौज हुआ और मामला कमिश्नर, डीएम व एसपी तक पहुंच गया। उच्चाधिकारियों के समक्ष दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गाली गलौज करने व धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग किया है।
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ रामजनम गुट दो दिनों से डीआईओएस कार्यालय पर अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन कर रहा था। शिक्षकों का धरना गुरुवार की सुबह भी शुरू हुआ। इसी दौरान रास्ते से आने-जाने को लेकर कार्यालय के दो बाबुओं की शिक्षकों से कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष एक दूसरे से गाली गालौज करने लगा। घटना के समय डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा कार्यालय पर मौजूद नहीं थे। जिसके चलते बीच बचाव करने वाला भी मौके पर कोई नहीं रहा। कुछ शिक्षकों व कुछ कर्मचारियों ने जरूर आगे बढ़ कर बीच बचाव का प्रयास किया। जिसके चलते मारपीट की नौबत नहीं आयी लेकिन काफी देर तक गाली गलौज व एक दूसरे को देख लेने की धमकी देने का क्रम चला। घटना से आक्रोशित डीआईओएस कार्यालय के बाबुओं ने कमिश्नर, डीएम व एसपी को पत्रक सौंपा और कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी। पत्रक देने वालों में राणा धीरेंद्र सिंह, शिशिर कुमार सिंह, दिनेश मौर्या, धर्मेंद्र राय, संजय सिंह, अवधेश सिंह, धर्म सिंह आदि शामिल रहे। वहीं शिक्षकों ने भी उच्चाधिकारियों से डीआईओएस कार्यालय के बाबुओ की शिकायत किया। शिक्षकों ने एक बाबू पर असलहा लेकर कार्यालय आने का भी आरोप लगाया। शिक्षकों की तरफ से शिकायत करने वालों में जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह, मंत्री पंकज कुमार सिंह समेत कई अन्य शिक्षक शामिल रहे।
समझौते के प्रयास में जुटे डीआईओएस
कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने की चेतावनी पर डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा हरकत में आ गये। गुरुवार की शाम कर्मचारियों के साथ बैठक कर समझाने का प्रयास शुरू किया। वहीं कर्मचारी दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे। कर्मचारियों का कहना था कि यदि शिक्षकों पर कार्रवाई नहीं होती है तो वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
अभी जारी रहेगा धरना
जिलामंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षकों का धरना प्रदर्शन अभी जारी रहेगा। शुक्रवार को भी दो बजे से डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से धरने में शामिल होने का अनुरोध भी किया।
हमारे कार्यालय के कर्मचारी गलत नहीं है, कुछ शिक्षक संगठनों के लोग अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए धरना प्रदर्शन करते है। जबकि धरना प्रदर्शन के लिए कोई मुद्दा ही उनके पास नहीं है। हमारे कार्यालय में सीसीटीवी लगा हुआ है। जिसका फुटेज निकलवा रहा हूं। जिसे एसपी को सौंप दूंगा और उनसे निवेदन करूंगा कि जो गलत हो उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई करें।
डॉ. वीके शर्मा, डीआईओएस।