चुनाव प्रेक्षक बलदेव पुरुषार्थ ने बृहस्पतिवार को निजामाबाद विधानसभा के बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षक बिना मास्क के मिले जिसपर उन्होंने नाराजगी जताई। विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों से सवाल भी पूछे। प्रेक्षक ने संबंधित अधिकारियों को विधानसभा के सभी मतदेय स्थलों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विधानसभा निजामाबाद के प्रेक्षक बलदेव पुरुषार्थ ने मतदेय स्थल प्राथमिक विद्यालय असनी, फत्तनपुर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय निजामाबाद आदि बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया कि बूथों पर जो भी कमियां रह गई हो उसे समय से पहले दूर कर लिया जाय। जिससे कि मतदान के समय मतदाताओं और मतदान कर्मियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। बूथों के निरीक्षण के दौरान वह मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय असनी पर पहुंचे। विद्यालय के शिक्षक मास्क नही लगाये थे जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। सभी शिक्षकों को हमेशा मास्क लगाने का निर्देश दिया। प्रेक्षक ने प्राथमिक विद्यालय असनी में पढ़ने वालें बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। कक्षा में पहुंचकर छात्रों से उन्होंने पूछा कि एबीसीडी आती है, एक छात्रा ने एबीसीडी सुनाया। इस अवसर पर तहसील निजामाबाद के शैलेंद्र कुमार सिंह, लाइजन अफसर रविंद्र यादव मौजूद रहे।