सरायमीर। थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर के पास सोमवार को एचपी पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने स्कूटी सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में बहन की मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, अखिलेश कुमार अपनी बहन गुड़िया वर्मा (32 वर्ष) को लेकर स्कूटी से कहीं काम पर जा रहे थे। गुड़िया वर्मा इंपीरियल पब्लिक स्कूल में शिक्षिका थीं। जैसे ही दोनों पवई लाडपुर स्थित पेट्रोल टंकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे फोर व्हीलर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, चेक पोस्ट तक पहुंचते ही गुड़िया वर्मा ने दम तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, मृतका एक बच्चे की मां थीं। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है।