05 विकास भवन के पास काली फिल्म लगी खड़ी गाड़ियां। संवाद
- फोटो : mathura
आजमगढ़। जनपद में परिवहन नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए काली फिल्म लगी और बिना नंबर प्लेट की गाड़ियां सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ रहीं हैं। न तो प्रशासन की ओर से इन पर कोई सख्त कार्रवाई की जा रही है, न ही नियमित जांच का असर दिख रहा है। स्थिति यह है कि ये वाहन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। शासन द्वारा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने पर सख्त प्रतिबंध है। इसके बावजूद कई वाहन मालिक नियमों को ताक पर रखकर इस तरह के वाहनों का संचालन कर रहे हैं।
समय-समय पर परिवहन विभाग द्वारा अभियान चलाकर काली फिल्म हटवाने, हूटर उतरवाने और बिना एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) वाले वाहनों पर कार्रवाई करने की बात कही जाती है, लेकिन फिलहाल यह सब केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहा है। शहर के सिविल लाइन, कलेक्ट्रेट और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी काली फिल्म लगी गाड़ियां खड़ी देखी जा सकती हैं। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट या तो अत्यधिक डिजाइनर है या फिर लगी ही नहीं है, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इस तरह के वाहन अगर किसी दुर्घटना में शामिल होते हैं, तो उन्हें ट्रेस कर पाना बेहद कठिन होता है। एआरटीओ अतुल कुमार यादव ने कहा कि जनपद में वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाकर चलने का मामला सामने आया है। जल्द ही ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।