जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट बाजार में बृहस्पतिवार की रात करीब 8:30 बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार शिक्षक देवेश नारायण राय (42) की मौत हो गई। हादसा यूनियन बैंक के पास हुआ।
देवेश गोरखपुर जिले के चौरीचौरा ब्लॉक में शिक्षक के पद पर तैनात थे। बृहस्पतिवार की रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाटघाट बाजार में यूनियन बैंक के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर लाटघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। देवेश नारायण राय अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।
थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और परिजन को सूचना दे दी गई है।