सरायमीर में शुक्रवार को श्री रामलीला सेवा समिति की ओर से श्री ठाकुरद्वारा श्रीराम जानकी मंदिर से भव्य रथयात्रा निकाली गई। वनवासी वेश में श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान, सुग्रीव और जामवंत की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच रथयात्रा ठठेरी बाजार, पुराना थाना, चौक और महाजनी टोला होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। मुख्य चौक पर भगवान श्रीराम की महाआरती की गई। रामलीला मैदान में श्रीराम-रावण युद्ध का मंचन हुआ।
श्रीराम के हाथों रावण वध के बाद पुतला दहन किया गया। रथयात्रा जनता बाल समिति पहुंची, जहां महाआरती के बाद रोडवेज और बस स्टॉप होते हुए श्रीराम जानकी मंदिर लौटी। यहां पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
रथ का संचालन अखिलेश विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष रामभुवन मौर्य, मानिकचंद्र गुप्ता, मिठाई लाल सेठ, रवि चौरसिया, महेश चंद्र गुप्ता, रजनीश बरनवाल, संतोष सेठ, विहिप जिलाध्यक्ष सुनील राय आदि मौजूद रहे।