ध्वस्त पुलिया को देखने के लिए उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
तमसा की बाढ़ ने निजामाबाद नगर पंचायत के तिग्गीपुर मुहल्ला और सालेपुर गांव को अपनी जद में ले लिया है। रानी की सराय की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी पानी एक फुट पानी चढ़ गया है। इसी मार्ग से स्कूली बसें जाती हैं, जिनकी मार्ग परिवर्तन नहीं किया गया है। बाढ़ में डूबे घरों की एहतियातन विद्युत आपूर्ति ठप कर दी गयी है।
बिजली गुल होने के कारण उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं। पेयजल की भी समस्या पैदा हो गई है। रोजमर्रा की वस्तुओं के लोगों को मजबूरी में पानी से होकर जाना पड़ रहा है। इस इलाके ज्यादातर लोगों के शौचालय घर से बाहर हैं, जो पानी में डूब गए हैं।
तिग्गीपुर के निचले इलाके में बसे सोनकर, प्रजापति और कुछ यादव परिवार जल स्तर बढ़ने के नाते मकान के ऊपरी हिस्से में रह रहे हैं। जिसकी सुधि लेने के लिए अब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
तमसा नदी में विगत कई वर्षों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई थी। इसके चलते लोग तमसा नदी की तरफ शहर बांध के उस पार निचले इलाके में अपने घर बना लिए थे। विगत दिनों हुई मुसलाधार बारिश से तमसा नदी के जलस्तर में बढ़ाव होने लगा और उसने विकराल रूप धारण कर लिया। नदी क्षेत्र से सटाकर आशियाना बनाने वालों के घर पूरी तरह से डूब गए।
कुछ लोग तो अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए तो कुछ अभी भी दूसरे तल पर रहने को विवश हैं। वहीं पुराने पुल के पास रहने वाले कुछ परिवार अपनी झोपड़ी छोड़कर पुराने पुल पर रहने को विवश हैं। शहर के नरौली पुल के पास लगे गेज पर खतरा बिंदु 74.88 मीटर है।