सूबे के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव बुधवार की सुबह मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में व्याप्त भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
जरूरत पड़ी तो दोषी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर उसकी गिरफ्तारी और रिकवरी भी कराई जाएगी। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार झूठ और वादाखिलाफी की बुनियाद पर खड़ी है। प्रदेश की सपा सरकार ने जनता से किए गए वादे को पूरा किया है। वादा पूरा करने के लिए ही वे यहां आए हैं।
बोले, मुलायम सिंह के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ और पड़ोस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र के विकास के मामले में तुलना कर लें, वास्तविकता खुद-ब-खुद सामने आ जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीधी लड़ाई सपा से होगी। क्योंकि प्रदेश में सपा के अलावा और कोई दल है ही नहीं।
कहा, मोदी ने जनता से विदेशों में जमा धन तीन माह के अंदर लाने का वादा किया था, उस वादे का क्या हुआ? इसके अलावा भी मोदी ने कई वायदे किए थे।
उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। कहा कि छह फरवरी को नेता जी एक बार फिर से विकास का पिटारा लेकर आ रहे हैं। उनके द्वारा रखी जाने वाली आधारशिला और घोषणाओं से विरोधियों की आंखें खुल जाएंगी।
कहा कि जिले में जहां जितने भी पुल और पुलिया की जरूरत होगी, सरकार उसे पूरा करेगी। देवारावासियों के लिए समस्या का सबब बनी घाघरा की विभीषिका से लोगाें को निजात दिलाया जाएगा।
200 गांवों को बचाने के लिए वहां अस्थाई और स्थायी बंधे का निर्माण कराया जाएगा। जिले में 50 नए ट़्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे। श्री सिंह ने कहा कि जिलों में होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा के लिए राज्य सभा सांसदों को लगाया गया है।
आजमगढ़ का दायित्व पश्चिम बंगाल के नेता व राज्यसभा सांसद किरणमय नंदा को सौंपा गया है। प्रेसवार्ता के दौरान कारागार मंत्री बलराम यादव, परिवहन मंत्री दुर्गाप्रसाद यादव, वसीम अहमद, नफीस अहमद आदि मौजूद थे।