आजमगढ़। निर्वाचन आयोग ने ‘सुविधा कैंडिडेट एप ’ लांच किया है। इस एप के माध्यम से प्रत्याशी को ऑनलाइन नामांकन की सुविधा प्रदान की गई है। एप पर लॉगिन करने के बाद प्रत्याशी शपथपत्र, प्रस्तावक की सूचना और नामांकन की जानकारी कर सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार आनलाइन नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई है। नामांकन के अलावा सभा आदि की अनुमति की प्रक्रिया भी आनलाइन की गी है। नामांकन और अनुमति की प्रक्रिया के लिए ‘सुविधा’ नामक वेब एप्लिकेशन जारी किया है। अभ्यर्थियों को स्थिति की जांच करने और अपनी एप्लिकेशन को देखने की सुविधा प्रदान करने के लिए सुविधा कैंडिडेट मोबाइल एप बनाया गया है। यह एप अभ्यर्थियों को ‘सुविधा’ के माध्यम से दायर अपने नामांकन एवं अनुमति की स्थिति की जांच करने की सुविधा प्रदान करता है। इससे अभ्यर्थी अपने नाम-निर्देशन की स्थिति को देख सकता है। अभ्यर्थी को शपथ-पत्र और रसीद देखने का भी विकल्प इसमें मौजूद है। इसमें अभ्यर्थी अपने द्वारा अनुमति के लिए दायर आवेदन का विवरण देख सकता है। इस खंड में अनुमति की स्थिति और कुल संख्या प्रदर्शित की जाती है। डीआईओ एनआईसी चंदन कुमार ने बताया कि इस एप को मोबाइल के गूगल के प्ले स्टोर से डाउनलोड कर इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।