उप जिलाधिकारी सगड़ी गौरव कुमार ने स्मिथ इंटर कॉलेज अजमतगढ़ में पठन-पाठन की स्थिति का मंगलवार को जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के ग्यारह निलंबित कर्मचारियों को अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाने की हिदायत देते हुए उन्हें शीघ्र ही बहाल करने का आश्वासन भी दिया। कहा कि शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए।
एसडीएम गौरव कुमार ने 16 नवंबर को निरीक्षण के दौरान पांच अध्यापक, पांच परिचारक और प्रधान लिपिक को कार्य में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया था। इसकी जांच राजकीय विद्यालय जोकहरा के प्रधानाचार्य राजेश यादव और राजकीय बालिका विद्यालय अजमतगढ़ की प्रधानाचार्य चंदा सिंह को दिया था। जांच अधिकारियों ने अपनी जांच आख्या 12 जनवरी को ही उप जिलाधिकारी को सौंप दी थी। सोमवार को विद्यालय में औचक निरीक्षण करने पहुंचे गौरव कुमार ने प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार चतुर्वेदी से हर कमरे में पंखा लगवाने, रसायन, भौतिक और जीव विज्ञान के लैब के समान खरीदने के लिए 30 हजार रुपये खर्च का भी निर्देश दिया। जीव विज्ञान के प्रवक्ता के पदोन्नति का प्रस्ताव एक सप्ताह के अंदर मांगा। उन्होंने प्रधानाचार्य को निर्देशित करते हुए कहा कि स्मिथ इंटर कॉलेज जनपद की एक धरोहर है। जिसको बचाए रखना हम सब का फर्ज है। विद्यालय में स्मिथ की प्रतिमा लगाई जाए। ताकि धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके। इस अवसर पर बेचू राम, अभय श्रीवास्तव, सूर्यनाथ यादव, मिथिलेश यादव, राजमन, रीना पांडेय,अर्चना शर्मा, सुभाष आदि लोग उपस्थित रहे।