माहुल नपं में नापी के दौरान मौजूद लोग। संवाद
नगर पंचायत माहुल के वार्ड नंबर एक संत कबीर नगर और वार्ड नंबर आठ अब्दुल कलाम नगर में बृहस्पतिवार को राजस्व टीम ने सरकारी जमीन की पैमाइश की।
सड़क और जल खाते की भूमि की मापी के दौरान 20 से अधिक अवैध कब्जे चिह्नित किए गए। कार्रवाई से कब्जाधारकों में खलबली मची रही।
वार्ड नंबर आठ निवासी जर्रार अहमद की शिकायत पर एसडीएम फूलपुर अशोक कुमार ने राजस्व टीम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके अनुपालन में राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार और लेखपाल सौरभ राय के नेतृत्व में पांच लेखपालों की टीम माहुल पहुंची।
टीम ने सबसे पहले वार्ड नंबर एक में सड़क की सरकारी भूमि की पैमाइश की। मापी के दौरान करीब 10 लोगों के मकान सरकारी जमीन पर बने पाए गए।
इसके बाद टीम ने वार्ड नंबर आठ में पोखरी यानी जल खाते की भूमि की पैमाइश की। यहां भी एक दर्जन से अधिक लोगों के कब्जे सरकारी भूमि पर चिह्नित किए गए। इस दौरान एक निर्माणाधीन मकान भी सरकारी जमीन की सीमा में पाया गया।
राजस्व टीम ने इसकी जानकारी माहुल चौकी पुलिस को दी। पुलिस को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।
लेखपाल सौरभ राय ने बताया कि सरकारी भूमि की मापी पूरी कर ली गई है। चिह्नित कब्जों की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। अधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।