सराफा कारोबारियों के समर्थन में बाजार बंद
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में आंदोलित सराफा कारोबारियों के समर्थन में सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल उतरा। इस दौरान व्यापार मंडल के आह्वान पर सोमवार को जिला मुख्यालय से लेकर अन्य बाजारों में दूकानें बंद रहीं। व्यापारियों ने जुलूस निकाला। चौक पर जनसभा कर प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री अरुण जेटली का पुतला फूंका। वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
बंदी के दौरान जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों द्वारा पूरे नगर का भ्रमण कर लोगों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की जा रही थी। जनसभा को संबोधित करते हुए जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष संत प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि पहले भी आंदोलन हुए हैं।
व्यापारियों की मांगों को सरकार आठ से 10 दिन के अंदर मान लेती थी या फिर कोई संशोधन कर नया रास्ता अख्तियार करती रही हैं लेकिन यहां सराफा कारोबारियों की हड़ताल को आज 35 दिन हो गए लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। जनसभा के बाद व्यापारियों ने मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से वित्तमंत्री को सौंपा। मौके पर सुधीर अग्रवाल, पद्माकर लाल वर्मा, श्रीकांत मौर्या, मनोज बर्नवाल, परवेज अहमद, शाहिद कमर, ख्वाजा शोएब अहमद, अशोक कांस्यकार उपस्थित थे।