आजमगढ़। कोरोना काल में गन्ना किसानों को कागज की पर्चियां उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। इस बार किसानों को पर्ची जारी होने की सूचना उनके मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। किसानों को घोषणा पत्र में दिए गए मोबाइल नंबर को चालू रखना है। अगर कोई किसान नंबर बदलना चाहता है तो अभी बदलाव करा सकते हैं। ई-गन्ना एप पर खुद भी नंबर बदला जा सकता है।
गन्ना विभाग द्वारा पेराई सत्र 2020-21 के लिए सर्वेक्षण कार्य लगभग पूरा कराया जा चुका है। आगामी दिनों में गांव-गांव सट्टा प्रदर्शन कराया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। गन्ना विभाग ने किसानों को सट्टा प्रदर्शन शुरू कराने से पूर्व संदेश जारी कर कहा है कि जो किसान अपना नंबर बदलना चाह रहे हैं, वह सट्टा प्रदर्शन के दौरान मोबाइल नंबर अपडेट करा दें। गन्ना विभाग के कार्यालय में भी मोबाइल नंबर अपडेट की सुविधा दी गई है। इस बार पेराई सत्र में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते कागज की पर्चियां जारी नहीं की जाएगी। किसानों को पर्ची से संबंधित जानकारी उनके मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से दी जाएगी। अगर घोषणा पत्र में दिया गया नंबर चालू नहीं है तो किसान जानकारी से वंचित रह सकता है।
इस बार कागज की पर्चियां जारी नहीं की जाएगी। किसानों को पर्ची से संबंधित जानकारी उनके फोन पर एसएमएस के माध्यम से तीन दिन पहले दी जाएगी। - अशरफी लाल, जिला गन्ना अधिकारी, आजमगढ़।