यूपी बोर्ड परीक्षा में मंगलवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल के गणित और गृहविज्ञान के साथ ही शाम की पाली में इंटरमीडिएट की संगीत गायन और संगीत वादन की परीक्षा हुई। परीक्षा के दौरान एक छात्र नकल करते हुए पकड़ा गया, जिसे रेस्टीकेट कर दिया गया। वहीं दो कक्ष निरीक्षक कार्यमुक्त हुए।
मंगलवार को सुबह की पाली में जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रजीत सिंह यादव ने छह विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान जनता इंटर कॉलेज ठेकमा बिजौली में एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया। उसे रेस्टीकेट कर दिया गया। मां समुंद्रा देवी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंभीरपुर में कक्ष निरीक्षक के संदिग्ध पाए जाने पर संपूर्ण परीक्षा से कार्य मुक्त कर दिया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा शाम की पाली में तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। वित्त एवं लेखाधिकारी राधेश्याम गुप्ता ने तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया। जिला समंवयक बृजेश कुमार सिंह ने तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में ठाकुर राज बहादुर सिंह इंटर कॉलेज हमीदपुर रानी की सराय में एक कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त किया गया। ज्ञान प्रकाश राय की ओर से नौ विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। मंगलवार की परीक्षा में हाईस्कूल के 22, 659 और इंटरमीडिएट के एक छात्र ने परीक्षा छोड़ी।