राज्य निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत 15 सितंबर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू कराया जा चुका है। दो जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसलिए 31 अक्टूबर से पूर्व मतदाता सूची में नाम को घटाया या बढ़ाया जा सकता है। इतना ही नहीं कर्नल निजामुद्दीन और विभाग गोयल को आइकॉन बनाने की तैयारी भी है। उक्त बातें जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि मतदान में सबसे ज्यादा उत्साह युवा मतदाताओं में देखने को मिलता है। इस लिए जनपद के महाविद्यालयों पर युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए ड्राप बाक्स लगाए जा रहे हैं। इस दौरान जो वोटर दूसरी जगह शिफ्ट हो चुके है उनके नाम के विलोपन की प्रक्रिया जारी रहेगी। अगर किसी वोटर का दो स्थानों पर नाम पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 2299 ओर मतदेय स्थलों की सख्या 3461 है। जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 3364329 है, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1855473 और महिला मतदाताओं की संख्या1508730 है जबकि थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 126 है। कुल मतदाताओं में महिला मतदाताओं की संख्या कम है जबकि महिलाओं की जनसंख्या जनपद में पुरुषों से ज्यादा है। इससे यह प्रतीत होता है कि ज्यादातर महिलाओं का नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन तमीलनाडू से आ चुकी है। जिन्हें बेलइसा स्थित भारतीय खाद्य निगम के गोदाम में रखा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में इस समय दो मोबाइल एप पर कार्य हो रहा है। एक मोबाइल एप जो विकलांगों के लिए है वह लगभग तैयार हो चुका है। वहीं दूसरे पर कार्य हो रहा है। मोबाइल एप का कार्य डीडीसी ऋतु सुहास की निगरानी में तेजी से प्रगति पर है। इस मोबाइल एप के जरिए पोलिंग बूथ, वोटर, नजदीकी पुलिस स्टेशन, स्थानीय अधिकारियों के नंबर आदि होंगे।