बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन के पास गुरुवार की भोर में सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार कार के घुस जाने से तीन अजीज मित्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार सवार सभी लोग मैहर देवी कादर्शन कर गोरखपुर लौट रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिवारवालों के हवाले कर दिया।
गोरखपुर के बेलघाट के छितौना गांव निवासी रवींद्र चौहान सोमवार को अपने तीन मित्रों के साथ मैहर देवी का दर्शन करने निकले थे। बुधवार को सभी घर लौट रहे थे। कार रवींद्र चौहान चला रहे थे। भोर में अचानक तेज रफ्तार कार बरदह के सरायमोहन के पास खड़े ट्रक में घुस गई। इस हादसे में रवींद्र चौहान (32), आगे बैठे खोराबार के कुसम्ही निवासी एवं इंटर कालेज में कर्मचारी रंगी सिंह (58) और पिछली सीट पर बैठे बड़हल गंज के बाघागाढ़ा निवासी राजेश (35) की मौके पर मौत हो गई, जबकि देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रंगामल ठकुरहां निवासी जितेंद्र (22) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग जुट गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुूंची पुलिस ने पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी कार के दरवाजे को कटवाकर शवों को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रंगी सिंह के पुत्र संतोष ने बताया कि हादसे में मारे गए तीनों लोग अजीज मित्र थे। एसओ जगदीश उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव परिवार वाले लेकर गोरखपुर रवाना हो गए हैं।