आजमगढ़। जुलाई माह में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस संदर्भ में प्रदेश के संक्रामक रोग एवं वेक्टर बार्न कंट्रोल डिजीज (वीबीडी) के निदेशक ने आजमगढ़ सहित प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्साधिकारियों एवं अन्य कर्मचारी सहित अन्य छह विभाग के अधिकारी और कर्मचारी को प्रतिभाग करने का निर्देश दिया है।
वेक्टर बार्न कंट्रोल डिजीज के नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि आजमगढ़ में यह प्रशिक्षण कल दोपहर दो बजे से होगा। इसके लिए जरूरी तैयारियां कर ली गईं हैं। इसमें अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) वीबीडी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (डीपीएम), डिस्ट्रिक्ट कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (डीसीपीएम), बेसिक शिक्षा अधिकारी(बीएसए), एबीएसए, शिक्षा विभाग तथा ब्लाक स्तर पर चिकित्सा अधीक्षक, ब्लाक स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम), ब्लाक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम), जिला कार्यक्रम अधिकारी(डीपीओ), खंड विकास अधिकारी(बीडीओ), असिस्टेंट डेवलपमेंट आफिसर (एडिओ) पंचायत को प्रतिभाग करने का निर्देश दिया है। 22 जून को दोपहर दो बजे से पांच बजे तक आजमगढ़ सहित अन्य 38 जिलों का प्रशिक्षण होगा। वहीं अगले दिन प्रदेश के शेष जिलों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पत्र में बताया गया कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लैपटॉप, डेस्कटॉप, कम्प्यूटर और मोबाइल पर दिए गए लिंक के माध्यम से प्रशिक्षण में भाग लेने का निर्देश दिया है।