सिधारी थाने के बेलनाडीह पंप के पास सोमवार रात करीब बारह बजे के करीब अनियंत्रित स्कार्पियो ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में सेना के जवान रविकांत मिश्र सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने चारों को वाराणसी रेफर कर दिया। रवि श्रीनगर में तैैनात थे और छुट्टी पर घर लौट रहे थे। अन्य उन्हें लेने वाराणसी गए थे।
शहर के शिवाजी नगर कालोनी के रहने वाले रविकांत मिश्रा (37) पुत्र रामनाथ आर्मी में हवलदार थे। वह श्रीनगर में तैनात थे। 20 दिन की छुट्टी लेकर वह घर लौट रहे थे। सोमवार को उन्हें लेने के लिए निजामाबाद थाने के नदौली गांव निवासी यशवंत कुमार (30), मेंहनगर थाने के पंदहां गांव निवासी कन्हैया पांडेय (24), निजामाबाद थाने के रघुनाथपुर गांव निवासी विनोद तिवारी (24), दिनेश तिवारी (28) और राहुल (25) वाराणसी गए थे।
रात में ये सभी स्कार्पियो गाड़ी से लौट रहे थे। रात करीब बारह बजे सिधारी थाने के बेलनाडीह पंप के पास इनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सरिया लादकर जा रहे ट्रेलर में पीछे से घुस गई। लोहे की सरिया घुसने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं चोट लगने से यशवंत और रविकांत की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि कन्हैया, विनोद, दिनेश और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को जिला अस्पताल ले आई वहां सभी की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। दो भाइयों में छोटे रविकांत मिश्र को दे बेटे हैं। उनके बड़े भाई श्रीकांत भी सेना में है और वह जम्मू कश्मीर में तैनात हैं।
जबकि यशवंत तीन भाइयों में छोटा था। उसे एक बेटी और दो बेटे हैं। सिधारी एसआे रामनरेश यादव ने बताया कि स्कार्पियो में सवार सभी नशे में थे। दुर्घटना से पहले छतवारा मोड़ पर भी इनकी गाड़ी लड़खड़ाई थी लेकिन संभल गए। सारा दृश्य रात के वक्त ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों ने देखा था। ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है।