आजमगढ़ के अतरौलिया थाने पर तैनात सिपाही बुधवार की सुबह अपने आवास में ही मृत हाल में पड़ा मिला। थाना परिसर में ही सिपाही के मृत मिलने पर हडक़ंप मच गया। सूचना पर एसपी यातायात व सीओ बूढनपुर भी मौके पर पहुंच गए। शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है।
वाराणसी जनपद के चोलापुर क्षेत्र का रहने वाला इंद्रपाल कन्नौजिया पुत्र मोतीलाल कन्नौजिया अतरौलिया थाने पर बतौर आरक्षी तैनात था। बुधवार की सुबह इंद्रपाल थाना परिसर स्थित अपने सरकारी आवास में मृत हाल में पड़ा मिला।
सुबह थाने के अन्य सिपाही इंद्रपाल के आवास से बाहर न निकलने पर उसे बुलाने गए तो घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना तत्काल एसओ दिनेश यादव को दी गई। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया गया।
कुछ ही देर में एसपी यातायात सुधीर जायसवाल व सीओ बूढनपुर शीतला प्रसाद पांडेय मौके पर पहुंच गये। अधिकारियों द्वारा घटना से परिजनों को भी अवगत करा दिया गया है। सिपाही 2006 बैच का था और 20 जुलाई 2019 से अतरौलिया थाने पर तैनात था।
पुलिस ने सिपाही के शव को पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया है। वहीं चर्चा इस बात की भी है कि मृतक सिपाही को नशे की लत थी। जिसके चलते उसकी क्षेत्र में कहीं तैनाती भी नहीं की जा रही थी। मंगलवार को दिन में वह कहीं हादसे का भी शिकार हुआ था।
जिसमें उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसे चोट भी आई थी। बाइक को रिपेयरिंग के लिए मैकेनिक को देने के बाद आवास पर आकर सो गया था। संभावना जताई जा रही है कि सिर में लगी चोट के चलते ही उसकी मौत हुई होगी।