शहर के मड़या में उप श्रमआयुक्त कार्यालय पर आवेदन के लिए लगी भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कोरोना संक्रमण के चलते पूरे देश में लॉक डाउन है और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से अनुपालन करने का शासन-प्रशासन निर्देश दे रहा है। इसके बाद सरकारी कार्यालयों पर ही सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बुधवार को श्रमायुक्त कार्यालय पर सैकड़ों की संख्या में मजदूर पंजीकरण के उमड़े हुए थे लेकिन उनके बीच सोशल डिस्टेंसिंग न के बराबर थी।
पंजीकृत मजदूरों को सरकार 1000 रुपए की आर्थिक मदद दे रही है। इसके साथ ही उन्हें लॉकडाउन के दौरान अन्य प्रकार की सहायता भी दी जा रही है। मजदूरों के पंजीकरण का कार्य भी चल रहा है। इसे लेकर उपश्रमायुक्त कार्यालय पर मजदूरों की भीड़ उमड़ रही है। कार्यालय परिसर में मजदूरों के पंजीकरण के लिए काउंटर बनाए गए हैं। जिस पर सुबह से शाम तक मजदूरों का रेला उमड़ा रहता है। सोशल डिस्टेंसिंग की यहां जम कर धज्जियां उड़ रही है लेकिन न तो उप श्रमायुक्त न ही कार्यालय के अन्य कोई कर्मचारी ही इस ओर ध्यान दे रहे है। बुधवार को यहां कई मजदूर तो बिना मास्क लगाए ही पंजीकरण के लिए पहुंचे हुए थे। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कराने की कोई कवायद विभाग के द्वारा नहीं की गई थी।
शहर के मड़या में उप श्रमआयुक्त कार्यालय पर आवेदन के लिए लगी भीड़।- फोटो : AZAMGARH