आजमगढ़। कोरोना संक्रमण में जारी एडवाइजरी का खुले आम उल्लंघन हो रहा है। सबसे बुरा हाल सब्जी मार्केट का है। शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक के सब्जी मार्केटों पर भारी भीड़ उमड़ रही है।
शहर क्षेत्र में जिला प्रशासन ने लॉक डाउन लगते ही मुख्य चौक स्थित सब्जी मंडी में होने वाली भीड़ को देखते हुए उसे बंद कर दिया था और सब्जी मार्केट विभिन्न जगहों पर खोल दिया था। इसमें मुख्य रूप से वेस्ली इंटर कालेज, कर्बला मैदान, अठवरिया मैदान, एसकेपी, डीएवी आदि शामिल है। इन स्थानों पर सब्जी मार्केट खोले जाने के साथ ही जिला प्रशासन ने सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित करने का दुकानदारों के साथ ही पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया हुआ था। सोमवार से लॉकडाउन-थ्री शुरू हो गया है। जिसमें कुछ छूट लोगों को मिली है। इस छूट का जम कर नाजायज फायदा उठाते लोग नजर आ रहे है। वेस्ली इंटर कालेज मार्केट में मंगलवार को हजारों की भीड़ उमड़ी हुई थी, सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कहीं भी होता नजर नहीं आ रहा था। वहीं गेट पर ही बैठाए गए पुलिस कर्मी पूरी तरह से मूकदर्शक बने हुए थे।
निजामाबाद मंडी में भी उमड़ी रही भीड़
निजामाबाद। लॉकडाउन-थ्री में नई सड़क, पुरानी तहसील, चौक, थाना मोड़, शेरपुर तिराहा, तहसील मोड़, नंद नगर बाजार आदि जगहों पर बड़े स्तर पर व्यापारियों ने अपने दुकान खोल कर क्रय विक्रय शुरू कर दिया। सब्जी की दुकानों, किराना दुकानों के साथ ही शराब की दुकानों पर लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी। सब्जी मार्केट में सबसे बुरा हाल था, हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे तो वहीं काफी संख्या में लोग मास्क तक नहीं लगाए हुए थे। सोशल डिस्टेसिंग का भी कहीं अनुपालन होता नजर नहीं आ रहा था।
थोड़ी सी छूट क्या मिली आजमगढ़ में लोग सोशल डिस्टेंसिंग भूल गए। मंगलवार को निजामाबाद सब्जी मंडी म- फोटो : AZAMGARH