अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 204 प्वाइंट पर खड़े ट्रक से चोरों ने तिरपाल काटकर करीब 100 पेटी साबुन पार कर दिया। चोरी गए साबुन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
चालक को घटना की जानकारी होने पर उसने ट्रक मालिक को सूचना दी। इसके बाद ट्रक मालिक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अहरौला थाने में तहरीर दी है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के रैतुआपार गांव निवासी ट्रक मालिक विजय भान यादव ने बताया कि उनका ट्रक हरिद्वार से रिन साबुन लादकर पटना जा रहा था। ट्रक को अंबेडकरनगर जिले के आलापुर थाना क्षेत्र निवासी मनोज चला रहा था।
15 सितंबर को ट्रक लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दाखिल हुआ था। फुलवरिया के पास 204 प्वाइंट पर पहुंचने के बाद चालक को तेज नींद आने लगी। इसके बाद उसने ट्रक एक्सप्रेसवे पर खड़ा कर दिया और सो गया।
ट्रक मालिक ने बताया कि 15 और 16 सितंबर की रात चालक के सोने के दौरान अज्ञात लोगों ने ट्रक के पीछे बंधे तिरपाल को काट दिया। इसके बाद ट्रक में लदी रिन साबुन की करीब 100 पेटियां चोरी कर लीं।
सुबह जानकारी होने पर चालक ने इसकी सूचना दी। विजय भान यादव के मुताबिक एक पेटी साबुन की कीमत करीब एक हजार रुपये है। इस हिसाब से चोरी गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये है।
घटना के बाद ट्रक मालिक ने अहरौला थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि ट्रक मालिक की ओर से तहरीर दी गई है तो जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।