आजमगढ़। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को अब कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं है। वे जिले में ही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग कर सकते हैं। इस कोचिंग व्यवस्था के माध्यम से गरीब मेधावी छात्र भी अपने सपने पूरे कर सकेंगे। जिले में संचालित इस कोचिंग से अब तक 15 मेधावी अपने सपनों को पूरा कर चुके हैं। वहीं इस वर्ष के लिए 403 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
आईएएस, पीसीएस, नीट यूजी तथा जेईई जैसी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कराई जाती है। इस सत्र में भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। शहर क्षेत्र में कोचिंग के लिए नगर के सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम के बगल में स्थित अंबेडकर छात्रावास परिसर में इस कोचिंग का संचालन किया जा रहा है।
योजना के समन्वयक संदीप राय ने बताया कि अब तक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 403 छात्र छात्राएं दाखिला ले चुके हैं। इनमें यूपीएससी के लिए 137, एसएससी के लिए 140, नीट के लिए 75 और जेईई के लिए 51 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है।
यहां से कोचिंग के बाद यूपीएससी में तीन, नीट में तीन और जेईई में एक छात्र को सफलता मिली है। इसके अलावा सात छात्र यूपी पुलिस की परीक्षा पास कर चुके हैं। वहीं एक छात्र ने बिहार पीसीएसप्री निकाला है। इस बार भी हम प्रशिक्षु अधिकारियों की सूची तैयार कर रहे हैं जो कोचिंग में आकर छात्रों को मोटीवेट कर सकें। सूची तैयार होने के बाद इस पर सीडीओ से अनुमति ली जाएगी।
- संदीप राय, समन्वयक, अभ्युदय कोचिंग।