ज्ञानपुर। जिले में एसआईआर को लेकर रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। गांव से लेकर शहर तक बीएलओ घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र को दिया और जमा कराया। डीएम शैलेष कुमार ने कई बूथों पर पहुंचकर कामकाज देखा। इस दौरान बेहतर काम करने वाले तीन बीएलओ को सम्मानित किया। जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष अभियान दिवस पर महजूदा, लालीपुर, जमुनीपुर अठगवां आदि बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि 1256 मतदान स्थल पर कुल 12,33,324 मतदाता है। 23 नवंबर तक दो लाख 55 हजार 207 यानि 20.69 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो चुका है। विशेष अभियान को लेकर नगर पालिका परिषद भदोही व गोपीगंज के साथ ही पांचो नगर निकाय में विशेष कैंप लगाया गया।
डीएम ने सभी योग्य नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाते हुए गणना प्रपत्र को भरने, डिजिटाइजेशन के लिए निकटतम हेल्प डेस्क पर अवश्य जाएं। नगर पंचायत नई बाजार के चांदनी चौक मोहल्ले में पहुंचे बीएलओ सुभाष चंद्र सुपरवाइजर रामबाबू गुप्ता घर-घर जाकर चौपाल लगाकर लोगों का एसआईआर फॉर्म भरवाया। वहीं दूसरी तरफ विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल समेत अन्य सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी बूथों का निरीक्षण किया।