सर्वशिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को शिक्षा क्षेत्र मिर्जापुर के प्राथमिक विद्यालय बस्ती के परिसर में प्रवेशोत्सव 2015 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलाकारों ने गीतों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत फूलपुर/पवई विधानसभा के विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अध्यापक एक शिल्पकार की तरह है, जो कच्ची मिट्टी को भी सुंदर मूर्ति की तरह ढाल देता है। विशिष्ट अतिथि श्रीप्रकाश चंद यादव ने कहा कि शासन की नीतियों के अनुसार आज नि:शुल्क ड्रेस, एमडीएम, किताब आदि बच्चों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने अभिभावकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के क्रम में गायक कलाकार विरेंद्र भारती और गीतकार अरुण राय, सनी दुलरुवा, आलोक लहरी, गोविंद, मनीष, सांवला व संदीप ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुतियों से सभी का मनोरंजन किया।
साथ ही लोगों को गीतों के माध्यम से शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान विधायक ने कक्षा पांच से आठ तक में प्रथम, द्वितीय और तीसरा स्थान पाने वाले बच्चों सहित कलाकारों को पुरस्कृत किया।