आजमगढ़। आज फिर जिले में दो श्रमिक स्पेशल ट्रेन पहुंच रहीं है। दोनों पंजाब के लुधियाना व जालंधर से आएंगी। जिला व रेलवे प्रशासन के साथ ही रोडवेज प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा अपनी तैयारियों में जुट गए है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरु प्रसाद गुप्ता ने बताया कि रविवार की सुबह 9 बजे पहली ट्रेन पंजाब प्रांत के लुधियाना से प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही है। 24 बोगी वाली ट्रेन में लगभग 12 सौ श्रमिक आ रहे है। वहीं दूसरी ट्रेन जालंधर से 10 बजे आएगी। । इसके पूर्व तीन ट्रेनों से अब तक 3744 श्रमिक आए हैं। एडीएम प्रशासन ने बताया कि रविवार को आने वाले दोनों ट्रेनों के सवारियों की भी रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्कैनिंग की जाएगी और सामान्य लोगों को बसों के माध्यम से उनके घरों पर भेज कर होम क्वारंटीन करा दिया जाएगा। संदिग्धों को हास्पिटल क्वारंटीन किया जाएगा। एक घंटे के अंतराल पर ही दोनों ट्रेनों के आने के बाबत स्टेशन अधीक्षक बाबू राम ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर दो को भी खाली करा लिया गया है। जो ट्रेन पहले आएगी उसे एक नंबर प्लेटफार्म पर तथा बाद में आने वाली ट्रेन को दो नंबर प्लेटफार्म पर रोक जाएगा। प्लेटफार्म दो पर भी गोला आदि बनवाने की कवायद शुरू कर दी गई है।