सगड़ी। बीएसए राजीव पाठक ने सोमवार को अजमतगढ़ ब्लॉक के विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताएं मिलने पर बीएसए ने नाराजगी जताई। साथ ही अनुपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
सुबह 9:40 बजे उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय अजमतगढ़ का निरीक्षण कि। इस दौरान विद्यालय में तैनात 10 स्टाफ में से 4 कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों में वरिष्ठ सहायक अध्यापक सुनील कुमार, सहायक अध्यापिका इंदु देवी, अनुदेशक राम मनोहर चौहान और अनुचर विकास कुमार शामिल हैं। इनमें अनुचर विकास कुमार 25 जुलाई से लगातार 4 दिन से अनुपस्थित था।
विद्यालय में 211 नामांकन में से 48 बच्चों की उपस्थिति भी बीएसए की चिंता का विषय रही। इसके बाद 10 बजे पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरहन खास का निरीक्षण किया गया, जहां शिक्षण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित मिली। 10:15 बजे प्राथमिक विद्यालय अठनारू पहुंचे बीएसए को शिक्षामित्र रिंका विद्यालय से गैरहाजिर मिलीं, जबकि उपस्थिति रजिस्टर में उनका हस्ताक्षर मौजूद था। इस पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। संवाद